Rajeshwar Singh

यूक्रेन युद्ध “प्रकरण” में संप्रभु भारत सरकार की नीतियों के प्रति जन विश्वास बढ़ा – डॉ. राजेश्वर सिंह

समस्याओं का समाधान युद्ध नहीं अपितु शांतिपूर्ण वार्तालाप से सम्भव – डॉ. राजेश्वर सिंह

सभी सम्बद्ध को मेरा यथोचित अभिवादन। यूक्रेन में फंसे भारतीयों के वतन वापसी के लिए भारत सरकार युद्ध स्तर पर सक्रिय है। “ऑपरेशन गंगा” के तहत जिम्मेदारी निभाते दो दर्जन केंद्रीय मंत्री मुस्तैद हैं। राष्ट्र के संवेदनशील प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी पूरी गंभीरता से स्थिति की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। दृढ इच्छाशक्ति से परिपूर्ण भारतीय वायुसेना के पराक्रमी जवान प्रतिबद्धता से दायित्व निर्वहन में डटे हैं। निजी विमानों की भी सेवाएं ली जा रही हैं। इस कठिन और विषम परिस्थिति में विभिन्न प्रदेशों के कई छात्र और नागरिक वहां युद्ध की विभीषिका से जूझ रहे हैं। वहां गंभीर होते हालातों के बीच भारत सरकार के मंत्रालय और दूतावास अटके शेष भारतीयों के लिए जरूरी दिशा निर्देश दे रहे हैं, इससे दुर्दिन झेल रहे छात्रों में सकुशल अपने देश वापस आ जाने की आशा संचरित हुई है। विश्वास है, बहुत जल्द सभी भारतीयों को सकुशल लाया जा सकेगा। अन्य मुल्कों के वहां फंसे नागरिकों के लिए भी मैं गहरी संवेदना की अभिव्यक्ति करता हूँ और ईश्वर से सभी की रक्षा व सुरक्षा की कामना करता हूँ।

यह निर्विवाद सत्य आज जग जाहिर हो रहा है कि अपने यशस्वी प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के सशक्त और दूरदर्शिता भरे नेतृत्व में भारत का मस्तक अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा हुआ है और भारत विश्व पटल पर एक महाशक्ति के रूप में उभरा है। देश के नागरिकों का विश्वास मजबूत हुआ है कि अपने राष्ट्र की बागडोर सुरक्षित और मजबूत हाथों में है।

यूक्रेन में विभिन्न राज्यों के अलावा अपने लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के 34 छात्र थे। मैंने अपनी पार्टी के वरिष्ठजनों के साथ स्वयं उनके अभिभावकों से बात और मुलाकात की। 32 छात्र सुरक्षित लौट आए हैं। मैंने माननीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर जी से शेष बच्चों को वापस लाने का अनुरोध किया है, इसपर माननीय ने हर सम्भव कोशिश का आश्वासन दिया है। मैं भारत सरकार के अथक प्रयासों एवं निरंतर निगरानी के लिए सभी सम्बद्ध स्तर के श्रेष्ठजनों के प्रति हार्दिक आभार प्रकट करता हूँ।

अपने जुझारू और साधन संपन्न भारतीय वायुसेना पर राष्ट्र को सदैव गर्व रहेगा। मैं आपके अदम्य साहस की मुक्त कंठ से सराहना करता हूँ और हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित करता हूँ। परमात्मा इन राष्ट्रभक्त सैनिक जांबाजों के जुनून को परिणाम तक पहुँचाने की शक्ति प्रदान करें।

मैं अपनी अंतरात्मा से समय पर समुचित कदम उठाने के लिए राष्ट्र के कुशल प्रधानमंत्री जी, निष्ठावान मंत्रीगण एवं संप्रभु भारत सरकार की सराहना करता हूँ। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया जगत के कलमकारों, पत्रकारों और सभी सरस्वतीपुत्रों की वंदना करते मैं अपने हृदय की गहराईयों से आप सभी की तारीफ करता हूँ। आप सभी समवेत रूप में अपनी लेखनी में स्थिति को सहज सामान्य बनाए रखने में हमेशा सकारात्मक दृष्टिकोण से खबरों का संकलन, सम्पादन एवं प्रसारण अनवरत कर रहे हैं, यह मानवता के लिए अच्छी सामाजिक सोच से भरी एक नायाब पहल है।

मैं सभी अभिभावकों के प्रति आभारी रहूँगा। आपने असीम धैर्य का परिचय दिया। आप सभी ने अपने सरकार की नीतियों पर भरोसा रखा। आप सभी धन्यवाद के पात्र हैं, मैं आशा व्यक्त करता हूँ सभी शेष बच्चे भी अपने वतन सकुशल पहुंचेंगे।

समस्त संसार को भारत का यही सन्देश है कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है। हर समस्या का निराकरण वार्तालाप से संभव है। हम सम्पूर्ण विश्व में शांति के पक्षधर रहे हैं और रहेंगे। भारत भूमि ऋषि-मुनियों, मनीषियों की तप स्थली रही है, महात्मा बुद्ध की इस धरती से हम सभी भारतवासी दुनिया में शान्ति बनाए रखने की करबद्ध अपील करते हैं।

जय हिन्द।

About the Author

Dr. Rajeshwar Singh

लेखक प्रवर्तन निदेशालय के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी एवं वर्त्तमान में लखनऊ की सरोजनीनगर विधानसभा से भाजपा विधायक हैं।

  • 0 thoughts on “यूक्रेन युद्ध “प्रकरण” में संप्रभु भारत सरकार की नीतियों के प्रति जन विश्वास बढ़ा – डॉ. राजेश्वर सिंह

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *